राधा कृष्ण के संग भक्तों ने खेली होली, भजनों पर जमकर थिरके भक्त
आतिशबाजी के साथ तोप से बरसाए फूल, 501 दीपक से की महाआरती

जितेंद्र कुमार नागर इटावा
इटावा में श्री हनुमंत जन जागरण सेवा समिति इटावा की ओर से शनिवार रात्रि को फागोत्सव कार्यक्रम में रामलीला रंगमंच पर श्री राधा कृष्ण का भव्य संजीव दरबार सजाया गया। इस अवसर पर भगवान के दरबार व रामलीला मैदान को फूलों से मनमोहक तरीके से सजाया गया, पूरा मैदान भगवा मय था, पूरा क्षेत्र धर्ममय हो गया था।
इस अवसर पर आयोजित फूल होली महोत्सव फागोत्सव कीर्तन में संगीतकारों ने ‘आओ आओ गजानन्द आओ, म्हारा कीर्तन में रस बरसाओ’ गणपति वंदना के साथ शुभारंभ किया। सामाजिक समरसता के इस कार्यक्रम में सभी समाज से बंधुओं ने अपनी भागीदारी निभाई।
उपस्थित भक्तों को पार्षद गायत्री सोनी ने महिला दिवस को लेकर संबोधित किया। इस दौरान भगवान राधा कृष्ण की भव्य झांकी सजाई। हजारों भक्तों ने श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ का आयोजन किया तो दृश्य अद्भुत था। साथ ही 501 दीपक से महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान आतिशबाजी की गई व तोप से पुष्प वर्षा होती रही जो आकर्षण का केन्द्र भी रही। फूल होली में दो क्विंटल फूलों की पंखुड़ियों से होली खेली गई। कार्यक्रम में महाआरती का सुंदर दृश्य रहा, बाद में प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक भगत मूलचंद नागर, लटूर महावर, लक्ष्मीनारायण जांगिड़, अध्यक्ष मुकेश भारती, प्रचार प्रमुख चंद्रप्रकाश अग्रवाल सहित कई सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।