मकर संक्रांति पर दान पुण्य को लेकर दिखा उत्साह
गौमाताओं को खिलाया गुड व हरा चारा, रंग-बिरंगी पतंगों से पटा आसमान

जितेंद्र कुमार नागर वरिष्ठ संवाददाता इटावा
इटावा
इटावा शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया। मकर संक्रांति के पर्व पर लोगों ने दान पुण्य किए और गायों को चारा खिलाकर मंगल कामना की। बड़ी संख्या में लोग महादेव मठ कोलाना गोशाला भी गए और वहां सहायता राशि प्रदान की व गायों को चारा डालकर पुण्य कमाया। सुहागिनों ने भी बुजुर्ग महिलाओं को सुहाग की वस्तुओं का दान किया और परिवार में सुख शांति की कामना की। लोगों ने तिल की वस्तुओं की खरीदारी की और इनका भी दान किया। कई लोग आसपास के धार्मिक स्थानों पर गए और संक्रांति पर पवित्र सरोवरों में स्नान कर पुण्यलाभ लिया।
इसी तरह इटावा कस्बे के हाट मैदान में सैकड़ों गौमाताओं को मकर संक्रांति के पावन पर्व पर सभी गो भक्त परिवारों के द्वारा सामूहिक रूप से आचार्य नितिन कौशिक द्वारा पूजा अर्चना करवाई गई, वही श्रीराम जानकी मंदिर इटावा के संत आशुतोष महाराज का आशीर्वचन मिला। सभी भक्तों ने गो माता की पूजा अर्चना कर हरा चारा, तिल्ली व गुड की लापसी, पुड़ी का भोग लगाकर अपने परिवार क्षेत्र व देश की खुशहालि की कामना की ओर आशीर्वाद लिया। समिति के नंदबिहारी पारेता व देवेन्द्र जैन ने बताया कि सुबह 7 बजे सभी सदस्यों ने हाट मैदान पहुंचकर यज्ञ- हवन किया साथ ही शहर की शांति के लिए कामना की।
संत आशुतोष महाराज ने कहा कि भूखे को भोजन कराने के बाद, भोजन करने की परंपरा भारतीय संस्कृति की देन है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में शुरुआत से ही सेवा के भाव जगाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों में लेकर आना चाहिए ताकि वह गौ सेवा का महत्व समझ सके। उन्होंने कहा कि सुबह से दोपहर तक क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग के लोग पहुंचकर गौ माता का आशीर्वाद ले रहे है।
इस अवसर पर बद्रीलाल सुमन, ललित नंदवाना, ओम प्रकाश पारेता, महेन्द्र पारेता, देवेन्द्र जैन, नंदबिहारी पारेता, समाजसेवी सुनीता पारेता सहित कई गोभक्त उपस्थित रहे।
इस मौके पर लोगों ने दान पुण्य भी किया। वही मकर संक्रांति पर दिन भर पतंग बाजी का शोर जमकर मचा आसमान में हवा के साथ इठलाती पतंगें दिखाई दी। आसमान में बड़ी संख्या में पतंग उड़ती नजर आई।