राज्य

भगवान परशुरामजी के जयकारों से गूंजा सुल्तानपुर नगर

शोभायात्रा में उमड़ा ब्राह्मण समाज, झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

गोपाल पारीक सुल्तानपुर

सुल्तानपुर. नगर में सोमवार ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुरामजी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नगर में विराट शोभायात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें सड़कों पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी। मनमोहक झांकियों के साथ हजारों की संख्या में ब्राह्मण समाज के महिला, पुरुष और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन समिति के अध्यक्ष हरिप्रकाश शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा की शुरुआत पुलिस थाने स्थित गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। पूरे उपखंड क्षेत्र से विप्र समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

बाबा महाकाल की बारात रही आकर्षण का केंद्र –

शोभायात्रा में उज्जैन से आई बाबा महाकाल की अनोखी बारात विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें अघोरियों के साथ बाबा भोलेनाथ नंदी पर सवार होकर निकले। अघोरियों ने एक से बढ़कर एक रोमांचक करतब दिखाए। इसके अलावा महाकाल के लयबद्ध ढोल वादक और कच्ची घोड़ी नृत्य ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।

शोभायात्रा में दिखा अद्भुत नजारा –
शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान परशुरामजी की भव्य झांकी रथ पर सजी थी। उसके पीछे युवा परसा (फरसा) लेकर भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। उज्जैन से आए ढोल-ताशा वादकों की मनोहारी धुनों ने माहौल को भक्ति रस में डुबो दिया। ढोल नगाड़ों के बीच भोलेनाथ की बारात और अघोरियों के नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई भोरा रोड, विद्यापीठ, मंडी गेट होते हुए विजय हनुमान मंदिर पहुंची।

108 दीपकों से हुई महाआरती –
विजय हनुमान मंदिर परिसर में भगवान परशुरामजी की 108 दीपकों से भव्य महाआरती की गई। इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा संत समाज का सम्मान भी किया गया। समिति अध्यक्ष ने ब्राह्मण शक्ति को संगठित रहने और समाज के युवाओं से समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

स्वागत द्वारों से हुआ जोरदार स्वागत-
शोभायात्रा को लेकर नगर में दर्जनों स्वागत द्वार सजाए गए थे, जहाँ जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न समाजों द्वारा जगह-जगह जलपान और प्रसाद वितरण के स्टॉल भी लगाए गए। प्रधान कृष्णा शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

voiceof public

Chief Editor of voice of public rajasthan

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *